कैथल, 11 जून भारत सरकार द्वारा 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए हरियाणा सरकार ने केंद्र को नाम भेजने के लिए राज्य के पात्र नागरिकों से 15 अगस्त 2023 तक ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किये हैं।
यह जानकारी देते हुए डीसी जगदीश शर्मा ने बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए सिफारिशें branch-cse@hry.gov.in और politicalbranch@gmail.com को 15 अगस्त, 2023 तक भेजी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन व अनुमोदन एक मई से शुरू हो गई हैं। पद्म पुरस्कारों के नामांकन की अंतिम तारीख 15 सितंबर निर्धारित की गई है। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन से संबंधित जानकारी व आवेदन प्रक्रिया राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in से ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कार अर्थात पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। वर्ष 1954 में स्थापित इन पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इन पुरस्कारों के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाता है। ये कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाजसेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों तथा सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं। जो लगन से किसी भी क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं, वे नागरिक इन पुरस्कारों के पात्र हैं।
Leave a Reply