कैथल 01 नवंबर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव, राज्यसभा सांसद व कर्नाटक/मध्यप्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा की निरंतर प्रगति व उन्नति की मंगलकामना की कामना की। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के मेहनतकश और बहादुर लोगों ने सभी क्षेत्रों में अपनी अद्भुत छाप छोड़ी है। प्रथम महिला प्रधानमंत्री व आयरन लेडी श्रीमती इन्दिरा गांधी ने हरियाणा प्रदेश का गठन किया था। हमें गर्व है हर एक हरियाणावासी पर जिन्होंने अपनी कुशलता से देश का सर ऊँचा किया है। हरियाणा- ज्ञान, चिंतन व अध्यात्म की भूमि है। श्रीमद् भगवद्गीता का सार हमारे कण-कण में गूंजता है। कर्म ही हरियाणावासियों का जीवन है। इसी बेजोड़ मेहनत की कसौटी ने हरियाणा को देश और दुनिया में तरक्की के शिखर पर ला खड़ा किया है।उन्होंने कहा कि 57 साल के हरियाणा की तरक्की पर भाजपा व खट्टर सरकार ने ग्रहण लगा दिया है। 9 सालों की भाजपा व 4 साल से गठबंधन की जजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के हरियाणावासी आज कोप-भाजन बने हुए हैं। हरियाणा के भोले भाले लोगों को खट्टर सरकार ने लूटने व पीटने का काम किया है। पीटते कर्मचारी, लुटते नौजवान, उजड़ते खेत व जातिगत बँटवारा ही खट्टर सरकार की सौगात है। आइये! भाजपा को उखाड़ फेंकने का आज संकल्प लें, तभी एक नए हरियाणा का उदय होगा और खट्टर सरकार द्वारा हरियाणा में खराब किए गए आपसी भाईचारे को नए सिरे से सामाजिक एकता व सौहार्द में मजबूत किया जा सकता है।
Leave a Reply