कैथल (रमन सैनी) उत्तर प्रदेश के बरेली और बदायूं जिले की सीमा पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, बदायूं के समरेर से फरीदपुर को जोड़ने के लिए बनाए गए रामगंगा के अधूरे पुल ने तीन लोगों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि गूगल मैप से लोकेशन देखकर जा रहे सिक्योरिटी कंपनी के तीनों कर्मचारियों की कार रविवार तड़के बदायूं की ओर से चढ़कर पुल के नीचे गिर पड़ी। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जानकारी पर दो जिलों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। नाव से शव लाकर फरीदपुर पुलिस ने शवों का पंचनामा कराया है।
रविवार सुबह खल्लपुर गांव के लोग रामगंगा किनारे खेतों पर निकले तो उन्होंने दातागंज की ओर से अधूरे पुल के नीचे कार को पड़ा देखा। सूचना पर बरेली जिले के फरीदपुर व बदायूं के दातागंज की पुलिस पहुंच गई। सीओ फरीदपुर आशुतोष शिवम ने मौके पर जाकर जानकारी जुटाई तो घटनास्थल फरीदपुर क्षेत्र का ही निकला। तब फरीदपुर पुलिस जाकर शवों को नाव से ले आई। फरीदपुर इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने मृतकों के पास मौजूद मोबाइल से जानकारी जुटाई तो फरीदपुर क्षेत्र से उनके रिश्तेदार पहुंच गए। तब शवों का पंचनामा भरना संभव हो सका।
Leave a Reply