खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी गदगद हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए करोड़ों रुपये की राशि का एलान किया है। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 1.5 करोड़, कांस्य पदक विजेता को 75 लाख और प्रतिभागी खिलाड़ी को 7.5 लाख रुपये इनामी राशि के रूप में दी जाएगी।
हॉकी में बेटियों को कांस्य पदक
चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स में कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबले में सोनीपत की बेटी नेहा गोयल ने दूसरा गोल करने में साथी खिलाड़ी का सहयोग किया। वहीं मोनिका मलिक व निशा वारसी ने भी बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। शनिवार को कांस्य पदक के लिए खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने जापान की टीम थी। टीम ने कांटे के मुकाबले में 2-1 से जीत दर्ज की। देश का प्रतिनिधित्व कर रही सोनीपत के आर्यनगर की नेहा गोयल की मदद से उनकी साथी खिलाड़ी सुशीला चानू ने 50वें मिनट में गोल दागकर देश को कांस्य दिला दिया। प्रतियोगिता में खेल रही सोनीपत के गांव गामड़ी की बेटी मोनिका व वेस्ट नगर निवासी निशा वारसी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश को पदक जीतने में भूमिका निभाई। संवाद
नेहा की मां व निशा के पिता बोले ओलंपिक में सोना जीतेंगी बेटियां
नेहा गोयल के परिजनों ने भारतीय टीम की जीत के बाद सभी का मुंह मीठा कराया। नेहा की मां सावित्री ने बताया कि बेटियों ने बेहतर खेल दिखाया। बेटियों ने कांस्य पदक जीता है। ओलंपिक में इसका रंग बदलकर सोना जीतेंगी। निशा वारसी के पिता सोहराब ने बताया कि बेटी ने विपरीत परिस्थिति में भी देश के खेलकर कांस्य पदक दिलाया है। उनकी पत्नी मेहरून की तबीयत कई माह पहले बिगड़ गई थी। तब बेटी राष्ट्रीय कैंप में थी। बेटी कैंप से वापस आई तो उनकी पत्नी की तबीयत फिर से खराब हो गई। उसके बाद 2 जुलाई को उनकी पत्नी का निधन हो गया था। उसके कुछ दिन बाद ही बेटी राष्ट्रीय कैंप में चली गई। वहां से चीन के हांगझोऊ में जाना पड़ा। विपरीत स्थिति के बावजूद बेटी ने देश के लिए खेलकर मान बढ़ाया। उनकी टीम ने कांस्य पदक जीता है। अब ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम सोना जीतकर लौटेगी।
एशियाई के बाद अब राष्ट्रीय खेलों में दम दिखाएंगे हरियाणवी खिलाड़ी
एशियाई खेलों के बाद अब प्रदेश के 800 खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में अपना दमखम दिखाएंगे। 25 अक्तूबर से गोवा में शुरू होने वाले 37वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी को लेकर हरियाणा ने तैयारियां मुकम्मल करनी शुरू कर दी हैं। शनिवार को इस संबंध में पंचकूला स्थित हरियाणा ओलंपिक भवन के कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय खेलों के हरियाणा इंचार्ज और ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष, पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने की। प्रदेशभर से आए खेल संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए खिलाड़ियों की ट्रायल, कैंप और अन्य सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गोवा में 25 अक्तूबर से लेकर नौ नवंबर तक 37वें राष्ट्रीय खेल होंगे। 26 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। करीब 800 खिलाड़ियों का दल हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगा। 43 खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी भाग लेंगे। बैठक में आगामी दिनों में खिलाड़ियों के ट्रायल और कैंप को लेकर खेल संघ के पदाधिकारियों के साथ योजना बनाई गई। सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करवाई जाएगी। ग्रोवर ने कहा कि विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है, जो खेल संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के साथ एक बेहतर तालमेल रखेंगी। 2022 में गुजरात में हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा ने देशभर में तृतीय स्थान हासिल किया था।
दीपक ने कुश्ती में दिलाया रजत पदक
चीन में जारी एशियन गेम्स में गांव छारा के पहलवान दीपक पुनिया ने कुश्ती में सिल्वर पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। विजेता पहलवान की उपलब्धि से उनकी गांव में खुशी का माहौल है तथा ग्रामीणों ने ढोल की थाप पर नाचकर दीपक की उपलब्धि की खुशी मनाई। दीपक पहलवान की उपलब्धि पर उनके गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह सचिव एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी दुल्हेड़ा पहुंचे तथा उन्होंने दीपक के परिजनों को मिठाई खिलाते हुए बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अपने गांव के बेटे पर नाज है। दीपक के लौटने पर गांव में उनका भव्य स्वगत किया जाएगा।
खिलाड़ी जिला स्पर्धा पदक
Leave a Reply