गुहला-चीका, 28 जुलाई, विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ के कारण कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था खराब हुई थी, जिसको दुरूस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि जल्द सभी चीजें ठीक हों, ताकि प्रभावित लोगों को किसी भी परेशानी नहीं हो। बाढ़ से दाबा, चाबा, सरोला, खंबेडा, रत्ताखेड़ा लुकमान के घरों की बिजली प्रभावित हुई थी, जिसे 3 दिनों में ही शुरू करवा दिया गया था।
विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को तेजी से करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। इसके साथ-साथ संबंधित विभागों से की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी समय-समय पर ली जा रही है। उन्होंने कहा कि रूलर डोमस्टिक सप्लाई दाबा से पांच गांव के 1150 घरेलू कनैक्शन प्रभावित हुए थे। इसी प्रकार रूलर डोमस्टिक सप्लाई श्यूमाजरा से करीब 750 घरेलू कनैक्शन, गांव देबन खेड़ी के करीब 350 घरेलू कनैक्शन प्रभावित हुए थे, जिन्हें समय पर ठीक करवा दिया गया। उन्होंने कहा कि चीका सब डिविजन के करीब 1150 एग्री पॉवर टयूबवैल कनैक्शन बाढ़ के पानी से कटे थे, इनमें से 13 को छोड़कर ठीक करवाया गया है। जो 13 स्थान शेष बचे हैं, वहां पर अभी पानी खड़ा है और वहां के संबंधित किसान भी इसे बाद में ठीक करने की मांग कर रहे हैं। जैसे ही व्यवस्था ठीक होगी, इन्हें भी ठीक किया जाएगा। इसी प्रकार सीवन सब डिविजन के करीब 150 एग्री पॉवर टयूबवैल कनैक्शन कटे थे, जिन्हें दुरूस्त करवाया गया है।
विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि बाढ़ से जो-जो व्यवस्थाएं खराब हुई हैं, चाहे सड़क की बात है, नहरों के कटो की बात हो, आवागमन की बात हो, ऐसी सभी चीजों को दुरूस्त किया जा रहा है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित लोगों के लिए जितनी भी राहत देनी है, उन्हें दी जाए। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। खराब हुई फसल का मुआवजा तय मापदंडोंनुसार दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि सभी किसान ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण जरूर करवा लें, ताकि सरकार द्वारा उन्हें मुआवजा देने संबंधित प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।
Leave a Reply