स्पेन भेजने के नाम पर 24.30 लाख की ठगी: कैथल दंपति को मोरक्को-रूस में भटकाया, गर्भवती बहू को भी नहीं बख्शा!

June 3, 2025 862 0 0


  • सपनो का सौदा: स्पेन के नाम पर लाखों की ठगी, दंपति को मोरक्को-रूस में दर-दर भटकाया
  • कैथल, 2 जून (रमन सैनी) : विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कैथल के गांव बरटा निवासी धर्म सिंह के बेटे और बहू को स्पेन भेजने का झांसा देकर उनसे 24 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए गए। आरोपियों ने दंपति को मोरक्को और रूस में दर-दर भटकाया, यहां तक कि धर्म सिंह की गर्भवती बहू को भी नहीं बख्शा। अब जब पीड़ित परिवार अपने पैसे वापस मांग रहा है तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया है। कैथल पुलिस ने इस मामले में सुखविंदर सिंह निवासी कलियाण संगरूर, राम/राणा निवासी तूषा पंजाब और कर्णवीर पंचकूला के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
    धर्म सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे और बहू को विदेश भेजना चाहते थे। उन्हें अपने रिश्तेदार प्रवीन कुमार और उसके दोस्त कुक्की के माध्यम से सुखविंदर और राम/राणा नाम के एजेंटों का नंबर मिला। इन एजेंटों ने धर्म सिंह के बेटे को स्पेन में एक महीने के अंदर वीजा लगवाने का आश्वासन दिया और कुल 28 लाख रुपए का खर्च बताया। इसमें से 8 लाख रुपए नकद और 20 लाख रुपए गारंटी के तौर पर रखने की बात कही गई। धर्म सिंह ने अपनी अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में मिले 30 लाख रुपए, कुछ गहने बेचकर और अपने बेटे की जिम बेचकर पैसों का इंतजाम किया।
    11 अक्टूबर 2023 को सुखविंदर और राम/राणा 8 लाख रुपए नकद और सभी कागजात लेकर गए। उन्होंने 28 दिन के अंदर दुबई से स्पेन का वीजा दिलवाने का वादा किया, क्योंकि धर्म सिंह का बेटा और बहू पहले से ही दुबई में थे। कुछ दिनों बाद जब वीजा नहीं मिला तो आरोपियों ने 20 लाख रुपए गारंटी के तौर पर रखने को कहा, जिसे धर्म सिंह ने 7 नवंबर 2023 को पेहवा के प्यारे लाल सुल्तान सिंह की दुकान पर रखवा दिया।
    इसके बाद आरोपियों ने धर्म सिंह के बेटे और बहू को दुबई से मोरक्को भेज दिया, यह कहकर कि स्पेन का वीजा कुछ समय बाद लगेगा। मोरक्को में एक महीना रहने के बाद भी जब वीजा नहीं लगा, तो धर्म सिंह ने गारंटी के 20 लाख रुपए वापस ले लिए।

    हर कदम पर वसूले पैसे, गर्भवती बहू को भी नहीं बख्शा
    स्पेन के वीजा के लिए जब धर्म सिंह ने फिर से आरोपियों से बात की तो मोरक्को का वीजा खत्म होने की बात कहकर 1 लाख रुपए नकद और वसूले गए। इसके बाद उन्हें मोरक्को के काशा ब्लैंका भेजा गया, जहां 10-15 दिन रखने के लिए 3 लाख रुपए और लिए गए। फिर अगादीर में 10-12 दिन रखने के लिए 2 लाख 30 हजार रुपए वसूले गए। इस बीच धर्म सिंह की बहू पांच महीने की गर्भवती हो चुकी थीं।
    फिर उन्हें काशा ब्लैंका वापस भेजकर 1 लाख रुपए और लिए गए। उसके बाद टेंजेर भेजकर 7-8 दिन रखा गया, जहां से शिप से स्पेन भेजने का आश्वासन दिया गया। जब वीजा अवधि समाप्त हो गई, तो वीजा बढ़ाने के लिए 3 लाख रुपये और मांगे गए।

    कर्णवीर ने भी ठगे 7 लाख रुपए, रूस में किया गिरफ्तार
    इसके बाद आरोपी कर्णवीर ने स्पेन भेजने के लिए 2 लाख रुपए खाते में डालने को कहा, जिसे धर्म सिंह ने दे दिया। फिर काशा ब्लैंका से अलमाटी की टिकट दी गई, जहां 10-15 दिन रखने के बाद 5 लाख रुपए संत कर्ण सिंह ट्रेडिंग कंपनी में जमा कराने को कहा गया।
    अलमाटी से स्पेन भेजने के बजाय उन्हें रूस भेज दिया गया, जहां एयरपोर्ट पर कोई व्यक्ति उन्हें लेने नहीं आया। फर्जी कागजातों के कारण उन्हें 14 घंटे हिरासत में रखा गया। किसी तरह वे बाहर निकले तो पता चला कि होटल बुकिंग भी नहीं थी। धर्म सिंह के बेटे और गर्भवती बहू को 2-3 दिन रेलवे स्टेशन पर गुजारने पड़े।

    धमकी और गालियां, अब पुलिस करेगी कार्रवाई
    रूस से स्पेन भेजने के लिए 8-8 लाख रुपए की और मांग की गई, लेकिन इस बार धर्म सिंह ने मना कर दिया। इसके 2 दिन बाद आरोपियों ने धर्म सिंह के बेटे और बहू को रूस में गिरफ्तार करवा दिया, जिसके बाद उन्हें भारत डिपोर्ट कर दिया गया।
    भारत वापस आने पर जब धर्म सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने पहले 1-2 महीने का समय दिया, फिर 2-3 महीने का। जनवरी 2025 तक पैसे वापस नहीं मिलने पर जब धर्म सिंह पंचायत लेकर आरोपियों के घर गए, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। उनकी पत्नियों ने भी झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।


Tags: 24.30 lakhs fraud in the name of sending to Spain: Kaithal couple was made to wander in Morocco-Russia, even pregnant daughter-in-law was not spared! Categories: कैथल, क्राइम न्यूज, देश / विदेश, ब्रेकिंग न्यूज, लेटेस्ट न्यूज़, हरियाणा
share TWEET PIN IT SHARE share share
Leave a reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!