कैथल, 8 अगस्त (अजय धानियां) मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि अमर शहीदों की बदौलत हम सभी को आजादी की खुली फिजां में सांस लेने का मौका मिला है। पूरे प्रदेश व देश में धूमधाम से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। शहीदों को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है, जोकि आगामी 14 अगस्त तक भिन्न-भिन्न स्थानों पर होगी। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी तिरंगा यात्रा में शिरकत करने के दौरान बोल रहे थे।राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि देश को आजादी दिलवाने में असंख्य शहीदों ने अपने प्राणों को न्यौछावर किया है। आजादी की लड़ाई में कई बहनों ने अपने भाई, सुहागनों ने सुहाग, मां ने अपने बेटे देश की अस्मिता की रक्षा के लिए भेजे, उन सभी ने देश वासियों के लिए बलिदान दिया। ऐसे बलिदानियों के सम्मान में और उन्हें सच्ची श्रद्धाजंलि देते हुए तिरंगा यात्रा आयोजित की जा रही है। तिरंगा हमारे देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। वर्तमान समय में तिरंगा की धूम देश में ही नहीं, बल्कि विश्व पटल पर भी छाई हुई है। बीजेपी जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने कहा कि 14 अगस्त तक जिला में अलग-अलग स्थानों पर तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। आज की तिरंगा यात्रा कमेटी चौक स्थित सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर पेहवा चौक होते हुई छात्रावास रोड स्थित महेश चौक पर संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का एक ही उद्देश्य है कि अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाए। देश वासियों में अपने देश के प्रति अपार आस्था है। आजादी के अमृत महोत्सव का समापन्न 15 अगस्त को होगा। जिला वासियों में तिरंगा यात्रा को लेकर भारी जोश है। युवा, महिलाएं, बुजुर्ग बढ़चढ़ कर अपने अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता भेंट करते हुए शान से तिरंगा लहरा रहे हैं। पूर्व की भांति 13 से 15 हर घर तिरंगा अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अपने-अपने घरों पर सम्मान पूर्वक तिरंगा फहराएं और शहीदों को नमन करें। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला प्रभारी वेद फुला, सुरेश संधु, राजपाल तंवर, अजीत चहल, सुरेश गर्ग नौंच, मनीष कठवाड़, भीम सैन अग्रवाल, संजय भारद्वाज, आदित्य भारद्वाज, प्रवीण प्रजापति, एडवोकेट शक्ति सौदा, ज्योति सैनी, आशा रानी, उषा मचल, विरेंद्र बत्तरा, श्याम लाल कल्याण, प्रवीण सरदाना, गोपाल सैनी, कृष्ण कुमार, ओपी मढाड के अलावा अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
Leave a Reply